दिल्ली विश्वविद्यालय ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर संशोधित शैक्षणिक कैलेंडर जारी किया है। इसके मुताबिक वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रथम वर्ष में पढ़ रहे विद्यार्थियों की परीक्षाएं 12 से 24 अगस्त के बीच में आयोजित की जाएंगी। 25 अगस्त से 30 अगस्त तक छह दिनों का सेमेस्ट ब्रेक दिया जाएगा। वहीं 31 अगस्त से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की जाएगी।
इस तारीख से आयोजित होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं
संशोधित कैलेंडर के अनुसार छात्रों को परीक्षा की तैयारी करने के लिए 3 अगस्त से 11 अगस्त तक अवकाश दिया जाएगा और इसी दौरान प्रैक्टिकल परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी। बता दें कि देशभर में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं को 4 मई से 16 मई के बीच निलंबित कर दिया गया था।
सरकार ने नियुक्त किया दिल्ली खेल विश्वविद्यालय का पहला कुलपति
दिल्ली सरकार ने मंगलवार को पूर्व ओलंपिक पदक विजेता कर्णम मल्लेश्वरी को दिल्ली खेल विश्वविद्यालय का पहला कुलपति नियुक्त किया है। मल्लेश्वरी ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला वेटलिफटर हैं। उन्होंने 2000 में सिडनी ओलंपिक में 'स्नैच' और 'क्लीन एंड जर्क' श्रेणियों में 110 किलोग्राम और 130 किलोग्राम भार उठाकर इतिहास रच दिया था।