राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से स्नातक में दाखिले को लेकर चल रही कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) की परीक्षा के दूसरे दिन भी अव्यवस्था का दौर जारी रहा। परीक्षा केंद्रों के अंदर जाने के लिए छात्र एक गेट से दूसरे गेट पर भटकते नजर आए। छात्रों को यह नहीं पता चल रहा था कि उनकी एंट्री कब व किस गेट से होगी।
दूसरे दिन 76 फीसदी छात्रों ने परीक्षा दी
नई दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष प्रोफेसर एम जगदीश कुमार ने बताया कि स्नातक दाखिले की सीयूईटी यूजी 2023 के दूसरे दिन सोमवार को छात्रों की उपस्थिति 76 फीसदी रही। देशभर के परीक्षा केंद्रों में परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। तीनों शिफ्ट में कुल 2,24,575 छात्र शामिल हुए।
यूजीसी अध्यक्ष ने कहा कि सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे से 261 शहरों के 415 परीक्षा केंद्र में पहली शिफ्ट शुरू हुई। इसमें 74 फीसदी हाजिरी रही। जबकि 74342 छात्र शामिल हुए। जबकि दूसरी शिफ्ट 264 शहरों में 386 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गयी। इसमें 58338 छात्रों ने परीक्षा दी। परीक्षा में उपस्थिति दर 79 फीसदी रही।
एनसीईआरटी से पूछे सवाल
प्रोफेसर कुमार ने कहा कि सीयूईटी यूजी 2023 के दोनों दिन की परीक्षा में 12वीं कक्षा के एनसीईआरटी पाठ्यक्रम से प्रश्न पूछे जा रहे हैं। सीयूईटी यूजी 2023 में पाठ्यक्रम की पढ़ाई करके अच्छा स्कोर प्राप्त किया जा सकता है। मैं छात्रों से आग्रह करता हूं कि वे परीक्षा की बिना डरे तैयारी करें। सिर्फ पाठ्यक्रम की पढ़ाई और प्रश्न पत्र को अच्छे से पढ़ने के बाद यदि प्रश्न पत्र हल करते हैं तो उन्हें अच्छे अंक आ सकते हैं।