सीटेट परीक्षा 7 जुलाई को दो शिफ्ट में आयोजित की गई थी, जिसकी आंसर-की 24 जुलाई को प्रकाशित की गई थी। उत्तर कुंजी डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपने लॉगिन क्रेडेंशियल जैसे रोल नंबर और जन्म तिथि प्रदान करनी होगी।
आपको बता दें की सीटीईटी उत्तर कुंजी 2024 को चुनौती देने के लिए, उम्मीदवारों को क्रेडिट या डेबिट कार्ड के माध्यम से प्रति प्रश्न 1,000 रुपये का गैर-वापसी योग्य शुल्क देना होगा। बोर्ड ने कहा, “उम्मीदवारों के लिए 24/07/2024 से 27/07/2024 (रात 11:59 बजे तक) वेबसाइट https://ctet.nic.in/ पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से उत्तर कुंजी को चुनौती देने का प्रावधान है।”
परीक्षा पास करने के लिए उम्मीदवारों को निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करने होंगे। निर्धारित मानदंड के अनुसार, सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों को न्यूनतम 60 फीसदी यानी 90 अंक हासिल करने होंगे। वहीं, अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), विकलांग व्यक्ति (PwD) से संबंधित उम्मीदवारों को 55 फीसदी अंक हासिल करने होंगे, जोकि 82 हैं।
आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, "यदि बोर्ड द्वारा चुनौती स्वीकार कर ली जाती है, अर्थात यदि उत्तर कुंजी में विषय विशेषज्ञों द्वारा कोई गलती देखी जाती है, तो नीतिगत निर्णय अधिसूचित किया जाएगा और शुल्क वापस कर दिया जाएगा।"