देशभर के स्कूल और उच्च शिक्षण संस्थानों को अपने हेल्पलाइन नंबर तैयार करने होंगे। इसमें फोन, ईमेल, वाट्सएप ग्रुप हो सकते हैं। उसमें छात्रों और अभिभावकों को जोड़ना होगा। इस हेल्पलाइन के माध्यम से छात्र घर बैठे परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। शिक्षकों को ऑनलाइन माध्यमों से छात्रों की पढ़ाई से जुड़ी दिक्कतें भी दूर करनी होगी। हेल्पलाइन से कैंपस बंद रहने, परीक्षा की नई तिथि से लेकर केंद्र, स्थानीय प्रशासन या राज्य सरकार के कोरोना वायरस को लेकर जारी सारी जानकारियां भी शिक्षण संस्थान प्रबंधन को छात्रों से साझी करनी होगी। खास बात यह है कि 31 मार्च तक शिक्षकों को घर में बैठकर ऑनलाइन मूल्यांकन, पाठ्यक्रम सामग्री, नए सत्र की तैयारी की योजना भी बनानी होगी। यह निर्देश केंद्र सरकार की ओर से जारी किया गया है।
नेशनल ओपन स्कूल बोर्ड के चेयरमैन प्रो. सीबी शर्मा के मुताबिक, कोरोना से छात्रों को बचाना जरूरी है। इसलिए उन्हें घर बैठे ऑनलाइन क्लासरूम की सुविधा दी जा रही है। शिक्षण एनआईओएस के स्टूडियो में उपलब्ध रहेंगे और विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दे रहे हैं। इस दौरान छात्र प्रश्न भी पूछ सकते हैं। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए डीटीएच का स्वयंप्रभा चैनल संख्या 27 पाणिनी देखें। यह माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए है। इसके अलावा उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं के छात्र चैनल संख्या 28 पर शारदा देखें। डीडी के ये चैनल देखने के लिए आपको डीडी का डिश जरूर लगवाना होगा और यह बहुत कम मूल्य पर उपलब्ध है। उसके बाद सभी चैनल मुफ्त होंगे।
यूजीसी के सचिव प्रो. रजनीश जैन की ओर से सभी 750 विश्वविद्यालयों को पत्र लिखा गया है। इसमें सभी प्रकार की परीक्षा, मूल्यांकन व शोधकार्य, थीसिस जमा करने का काम 31 मार्च तक तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने लिखा है कि हालात की समीक्षा करने के बाद आगे का कार्यक्रम तय होगा।