सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में पीजी और एलएलबी की पहली मेरिट से एडमिशन की आज अंतिम तिथि है। बृहस्पतिवार को यूजी-पीजी और एलएलबी में 5905 एडमिशन हुए हैं। अब तक कुल एडमिशन की बात करें तो एक लाख 26 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं प्रवेश ले चुके हैं। 10 अगस्त को पीजी की दूसरी मेरिट जारी होगी। इनके दाखिले 14 अगस्त तक होंगे। 16 अगस्त को विवि फिर ओपन मेरिट जारी करेगा।
सीसीएसयू के कॉलेजों में पीजी और एलएलबी की पहली मेरिट विवि ने पांच अगस्त को जारी की थी। इसके एडमिशन की अंतिम तिथि नौ अगस्त रखी गई है। बृहस्पतिवार शाम तक सभी विषयों में एडमिशन की बात करें तो 126074 छात्र-छात्राएं प्रवेश ले चुके हैं। इनमें छात्रों की संख्या 58850 और छात्राओं की संख्या 67221 है। शुक्रवार को अंतिम दिन के बाद शनिवार शाम को विवि प्रशासन दूसरी मेरिट जारी कर देगा। इसके एडमिशन की अंतिम तिथि 14 अगस्त रहेगी। 16 अगस्त को एलएलबी और पीजी की ओपन मेरिट जारी होगी। इनमें वे छात्र-छात्राएं भी शामिल हो सकते हैं जो प्रथम और द्वितीय मेरिट में एडमिशन नहीं ले पाए। पीजी और एलएलबी के साथ यूजी कोर्सों में छात्र-छात्राएं सीधे जाकर एडमिशन ले सकते हैं। 10 अगस्त के बाद विवि एक बार फिर से रजिस्ट्रेशन ओपन कर सकता है।
बैक पेपर परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि आज
मेरठ। सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में बीए, बीएससी और बीकॉम एवं एमए-एमकॉम में वार्षिक प्रणाली के बैक पेपर परीक्षा फॉर्म भरे जा रहे हैं। इनकी अंतिम तिथि आज है। कॉलेजों में पि्रंट आउट जमा करने की अंतिम तिथि 13 अगस्त है। इसमें मुख्य परीक्षा 2019 की रेग्युलर और प्राइवेट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र फार्म भर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद कोई फार्म नहीं भरा जाएगा।
20 अगस्त के बाद स्पेशल बैक, सितंबर के पहले सप्ताह में बैक
मेरठ। सीसीएसयू से संबद्घ कॉलेजों में इस बार स्पेशल बैक परीक्षा और बैक परीक्षा विवि सितंबर महीने तक खत्म करा देगा। विवि प्रशासन के मुताबिक 20 अगस्त के बाद स्पेशल बैक परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। सितंबर महीने के पहले सप्ताह में बैक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। यह दोनों ही परीक्षाएं सितंबर महीने में निपट जाएंगी। अगस्त में विवि इनका रिजल्ट जारी कर देगा। इन परीक्षाओं के पहले होने से छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी।