देश में छात्रों को केवल पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी में हीं समय नहीं देना होता। सोशल मीडिया के वर्तमान दौर में उन्हें अनेक फेक न्यूज से भी निपटना होता है। ऐसी ही एक फेक न्यूज सीबीएसई परीक्षा के परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
अमर उजाला आपको बता रहा है कि क्या है इस खबर की सच्चाई..
सोशल मीडिया पर एक सर्कुलर वायरल हो रहा है। इस सर्कुलर में बताया जा रहा है कि सीबीएसई के दसवीं और बारहवीं टर्म-1 परीक्षा के परिणाम 25 जनवरी को जारी किए जाएंगे। हालांकि, सीबीएसई ने इस खबर को झूठा बताया है। इसे लेकर बोर्ड ने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर नोटिस भी जारी किया है।
क्या कहा सीबीएसई ने?
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बताया कि 22 जनवरी को सोशल मीडिया पर एक फेक सर्कुलर वायरल हुआ। इसमे बताया गया कि टर्म 1 परीक्षाओं के परिणाम 25 जनवरी, 2022 को जारी होने वाले हैं। सर्कुलर में यह भी बताया जा रहा है कि बोर्ड ने इस बार रिजल्ट चेक करने के तरीके में बदलाव किया है। छात्रों को परिणाम चेक करने के लिए एक अलग यूजरनेम और पासवर्ड दिया जाएगा। हालांकि, सीबीएसई ने रिजल्ट जांचने के लिए ऐसा कोई भी परिवर्तन नहीं किया है।
कहां मिलेगी सही जानकारी
छात्रों को टर्म-1 बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित किसी भी विषय की सही जानकारी के लिए सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.nic.in, cbse.gov.in और cbseresults.nic.in पर जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा अन्य आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी परिणाम से जुड़े अपडेट साझा किए जाएंगे। Results.gov.in भी एक वेबसाइट है, जहां छात्र अपने परिणाम चेक कर पाएंगे। इस बार सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम DigiLocker app और digilocker.gov.in पर भी जारी किए जाएंगे। परिणाम को चेक करने के लिए छात्रों को अपने रोल नंबर और स्कूल नंबर दर्ज करने होंगे।
सीबीएसई ने दसवीं और बारहवीं कक्षा की टर्म-1 बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन नवंबर-दिसंबर, 2021 मे किया था। कोरोना महामारी के कारण इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं को दो भागों में बांट दिया गया है। दसवीं और बारहवीं कक्षा की टर्म-2 परीक्षाएं मार्च - अप्रैल, 2022 में आयोजित की जाएगाी।