केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई ने अपनी नई मूल्यांकन नीति को जारी रखते हुए, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लिए संशोधित पाठ्यक्रम जारी किया है। सीबीएसई द्वारा जारी टर्म वाइज स्लेबस सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2022 के लिए लागू होगा। सभी विषयों के लिए विस्तृत पाठ्यक्रम जारी किया गया है। अभिभावक और अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट cbseacademic.nic.in पर जाकर संशोधित पाठ्यक्रम देख सकते हैं।
पाठ्यक्रम को दो भागों में बांटा
इस साल, कोरोना महामारी के फिर से बढ़ते मामलों को देखते हुए, सीबीएसई ने कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के लिए पाठ्यक्रम को दो टर्म में विभाजित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही पूरा सिलेबस भी कम करने का निर्णय लिया गया है। आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना के मुताबिक 50 फीसदी पाठ्यक्रम टर्म I में और शेष 50 फीसदी पाठ्यक्रम टर्म II में पूरा किया जाएगा। पहला टर्म नवंबर-दिसंबर में होगा, जबकि दूसरा टर्म मार्च-अप्रैल में होगा।