नई दिल्ली। कोरोना महामारी के कारण दो साल बाद एक बार फिर से केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं बुधवार से सामान्य तरीके से शुरू हो गई। दसवीं की पहली परीक्षा पेंटिंग, राई, गुरांग, तमंग व शेरपा, थाई विषय की हुई। जबकि बारहवीं के उद्यमिता विषय की परीक्षा हुई। पहली ही परीक्षा के दौरान आसान प्रश्नपत्र देखकर परीक्षार्थियों के चेहरे खिल उठे। प्रश्न पत्र में प्रश्न सीधे व संतुलित ढंग से पूछे गए थे।
मुख्य परीक्षा न होने के कारण परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की संख्या काफी कम रही। सुबह 10.30 परीक्षा शुरू होनी थी, उससे काफी पहले ही छात्र सेंटरों पर पहुंच गए। छात्रों को करीब दस बजे से सेंटर में जाने की अनुमति दी गई। सेंटरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। छात्रों के अनुसार प्रश्न पत्र का कठिनता स्तर मध्यम स्तर का था। औसत स्तर के सवाल पूछे गए थे, इस कारण से उन्हें सवाल हल करने में दिक्कत नहीं हुई। अब गुरुवार को बारहवीं की बॉयोटेक्नोलॉजी और दसवीं की रिटेल व सिक्योरिटी, डाटा साइंस विषय की परीक्षा होगी।
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने से पहले अपने एडमिट कार्ड और अन्य परीक्षा सामाग्री को एक बार चेक कर लेना चाहिए। जिससे उन्हें परीक्षा के समय किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।