उत्तर प्रदेश के डॉ. अब्दुल कलाम टेकनिकल यूनिवर्सिटी से जुड़े कॉलेजों के छात्रों को एंड्रॉयड डेवलपमेंट की बारीकियां सीखने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने गूगल से संपर्क किया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक यूनिवर्सिटी से जुड़े कॉलेजों में छात्रों को एंड्रॉयड डेवलपमेंट की ट्रेनिंग दी जानी है। जिसके लिए गूगल के अधिकारियों से बात-चीत कर ली गई है। इससे पहले छात्रों को एंड्रॉयड डेवलपमेंट या अन्य उन्नत तकनीकों को सीखने के लिए यूनिवर्सिटी से बाहर जाना पड़ता था। लेकिन, अब ऐसा नहीं होगा।
साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन के हवाले से ये भी बताया गया है कि एकेटीयू के नए कैंपस में छात्रों को ट्रेनिंग के साथ-साथ मुफ्त हाई स्पीड इंटरनेट की सुविधा भी मिलेगी ताकि छात्रों को ट्रेनिंग के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
आपको बता दें कि गूगल दुनिया की सबसे बड़ी इंटरनेट बेस्ड कंपनियों में से एक है और वर्तमान में इसके सीईओ सुंदर पिच्चाई हैं। सुंदर ने भी अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई आईआईटी, खड़गपुर से की है।