जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नया मुकाम हासिल कर लिया है। यूनिवर्सिटी को टाइम्स ऑफ इंडिया, टाइम्स इंजीनियरिंग और आईथ्री आरसी के सर्वे में देश के नंबर वन विवि की उपाधि दी गयी है।
टाइम्स ऑफ इंडिया और आईथ्री आरसी ने शैक्षणिक पद्धति, प्लेसमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रयोगशालाओं और परिसर में छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं के आधार पर सर्वे किया, जिसमें जीएलए विश्वविद्यालय को पहला स्थान मिला है।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपने सर्वे में बताया कि जीएलए विश्वविद्यालय के परिसर में एक दिव्य आभा है जो सीखने और रचनात्मकता को प्रेरित करती है। ये देश के अनुशासित निजी विश्वविद्यालयों में से एक है।
जीएलए विश्वविद्यालय को ये महत्वपूर्ण उपलब्धि मिलने पर कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार विश्वविद्यालय एक पायदान ऊपर चढ़ा है। पिछले साल इसे दूसरा स्थान मिला था। जीएलए की पूरी टीम ने ऊर्जावान भाव से छात्रों में रचनात्मकता की सोच व ज्ञान की लौ पैदा की है।
कुलपति प्रो. दुर्ग सिंह चौहान ने पदाधिकारियों और शिक्षकों को बधाई दी और कहा कि विश्वविद्यालय नियमित रुप से उद्योग सेवा और व्यापार के क्षेत्र की मांगों पर ध्यान केंद्रित करता है। उसी के अनुसार छात्रों में रचनात्मकता पैदा करता है। यही कारण है कि यहां के छात्र देश में ही नहीं विदेशों में भी अपना नाम रोशन कर रहे हैं।