नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के शिक्षक अगले माह गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) की पढ़ाई करते नजर आएंगे। डीयू का किरोड़ीमल कॉलेज जीएसटी पर एक राष्ट्रीय स्तर की वर्कशाप आयोजित करने जा रहा है।
आगामी 27 व 28 अक्तूबर को होने वाली इस वर्कशाप में डीयू की फैकल्टी को जीएसटी के विषय मेें गहराई से समझाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जुलाई में कॉमर्स में पुराने करों के साथ जीएसटी को पाठ्यक्रम में शामिल करने के प्रस्ताव को एक्जीक्यूटिव काउंसिल मंजूरी दे चुकी है।
जीएसटी का अध्ययन कराने के लिए किरोड़ीमल कॉलेज टैक्स एंड कॉर्पोरेट लॉ ऑफ इंडिया के साथ मिलकर 27-28 अक्तूबर को राष्ट्रीय स्तर की वर्कशाप आयोजित कर रहा है। वर्कशाप का मुख्य उद्देश्य जीएसटी के पहलुओं को शिक्षकों को बताना है। जिससे कि वह छात्रों को जीएसटी के संबंध में ज्ञान प्रदान कर सकें।
इसका लक्ष्य डीयू की फैकल्टी को जीएसटी संबंधित पुस्तकों व सॉफ्टवेयर के जरिये शिक्षित करना है। पहले दिन फैकल्टी को जीएसटी लॉ के विषय में जानकारी दी जाएगी। जिसमें इनपुट टैक्स क्रेडिट, प्रक्रिया, विशेष प्रावधानों के विषय में बताया जाएगा। वहीं, दूसरे दिन अनुपालन व एक समाधान विषय से संबंधित जानकारी दी जाएगी।