पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव
हर साल होने वाले छात्र संघ चुनाव को लेकर पंजाब यूनिवर्सिटी, केंद्र सरकार और यूजीसी को हाईकोर्ट ने नोटिस जारी करके जवाब तलब किया है। छात्र संघ चुनाव प्रक्रिया को पेपरलेस करने संबंधी मांग पर सुनवाई करते हुए नोटिस जारी किया गया है। याचिका पर अगली सुनवाई सात अक्तूबर को होगी।
जस्टिस एके मित्तल और जस्टिस अमित रावल की खंडपीठ के समक्ष एडवोकेट प्रद्युम्न गर्ग द्वारा दायर जनहित याचिका में कहा गया कि पीयू छात्र संघ के चुनावों में छात्र संगठन और नेता प्रचार के लिए बड़े पैमाने पर पोस्टरों और पंफलेट का इस्तेमाल करते हैं। इसके लिए बड़े पैमाने पर कागज का इस्तेमाल होता है और जगह-जगह पोस्टर चस्पा करने के कारण शहर को बदसूरत कर दिया जाता है।
पोस्टर सड़कों पर फेंके हुए दिखाई देते हैं। याचिका में कहा गया है कि अगर पूरा चुनाव प्रचार कागज के पोस्टरों और पेंफलेट की बजाय व्हाट्सएप व फेसबुक के जरिए किया जाए तो इससे कागज की बर्बादी तो रुकेगी ही यह सफाई और पर्यावरण के लिए भी लाभदायक सिद्ध होगा।