बीएसएमईबी द्वारा फौकानिया और मौलवी की परीक्षाओं के लिए राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में 258 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन 258 परीक्षा केंद्रों पर 94,282 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें लगभग 61 हजार छात्राएं भी शामिल हैं। यानी की इस बार फौकानिया और मौलवी की परीक्षा में लड़कों से अधिक लड़कियां शामिल हो रही हैं। राज्य मदरसा बोर्ड की ओर से परीक्षाओं की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर निगरानी के लिए सीसीटीवी लगाए गए हैं।
बीएसएमईबी यानी बिहार स्टेट मदरसा एजुकेशन बोर्ड ने अपने बयान में बताया कि फौकानिया और मौलवी के परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। जहां फौकानिया में 55,507 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें लगभग 36 हजार छात्राएं हैं। वहीं, मौलवी में 38,775 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, इनमें से करीब 25 हजार छात्राएं हैं। परीक्षा के दौरान कोविड-19 बचाव दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। परीक्षार्थियों को मास्क लगाकर ही परीक्षा केंद्रों पर आना होगा। शारीरिक दूरी और अन्य निर्देशों का भी पालन किया जाएगा।
वस्तानिया यानी कक्षा छह से आठवीं तक की परीक्षाएं 09 जनवरी, 2022 से प्रारंभ होंगी और 13 जनवरी, 2022 तक चलेंगी। बता दें कि बीएसएमईबी (BSMEB) देश का पहला ऐसा मदरसा बोर्ड है जो सबसे पहले बोर्ड परीक्षाएं ले रहा है। बीते सालों 2021 और 2020 में भी बिहार मदरसा बोर्ड ने सबसे पहले परीक्षाएं आयोजित की थी। बीएसएमईबी के चेयरमैन अब्दुल कैयूम अंसारी ने दावा किया है कि परीक्षाएं नकल मुक्त होंगी, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बोर्ड ने पूरे सुरक्षा इंतजाम कर लिए हैं। मदरसा बोर्ड ने उड़नदस्ता टीमें भी गठित की हैं।