Bihar Board Matric Exam परीक्षा केंद्र पर 30 मिनट पहले प्रवेश लेना जरूरी
बीएसईबी की ओर से परीक्षा को कदाचार मुक्त बनाने के लिए चाक-चौबंद बंदोबस्त किए गए हैं। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ( BSEB) के चेयरमैन आनंद किशोर ने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश लेना होगा। इस वर्ष परीक्षा के संचालन के लिए राज्य भर में 1500 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहली पारी की कक्षा 10वीं यानी मैट्रिक परीक्षा सुबह 9.30 बजे से है। जबकि परीक्षा केंद्रों के दरवाजे सुबह नौ बजे ही बंद कर देने का निर्देश है।
BSEB Exam मैट्रिक परीक्षार्थियों को यूनिक आईडी दिया गया
आनंद किशोर ने बताया कि बोर्ड परीक्षा 2023 के दौरान परीक्षा केंद्र भवन में माेबाइल, कैलकुलेटर, घड़ी, स्मार्ट वॉच, मैग्नेट वॉच आदि तरह के गैजेट पहनकर जाने की मनाही है। मैट्रिक की परीक्षा में परीक्षार्थियों के जूते-मोजे पहनकर जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। एक विशेष पहचान देने के लिए मैट्रिक परीक्षार्थियों को यूनिक आईडी जारी किया गया है, जो एडमिट कार्ड में अंकित है। परीक्षा शुरू होने के बाद से ही परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 144 प्रभावी हो जाएगी। इससे कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
Bihar Board Matric Exam केंद्रों पर सीसीटीवी, दंडाधिकारियों की तैनाती भी
बीएसईबी चेयरमैन आनंद किशोर ने बताया कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। सभी जिलों में दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, सुपर जोनल दंडाधिकारी तैनात रहेंगे। सभी दंडाधिकारी केंद्रों पर भ्रमणशील रहेंगे। जिलाधिकारियों की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। पटना में करीब 70 हजार परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए 71 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।