अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) शैक्षिक सत्र 2022-23 से प्रतिभाशाली छात्रों को दो अतिरिक्त सीटों पर दाखिला दिलाएगी। मान्यता प्राप्त तकनीकी कॉलेजों में रिसर्च, इनोवेशन, हैकाथॉन, अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता, स्टार्टअप, स्कॉलरशिप पाने वाले विद्यार्थियों को इनका लाभ मिलेगा। इनके लिए सिर्फ भारतीय छात्र ही आवेदन कर सकेंगे। एआईसीटीई अध्यक्ष, प्रोफेसर अनिल डी. सहस्रबुद्धे ने कहा कि प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए इस योजना की शुरुआत की जा रही है।
इस योजना को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत शुरू किया जा रहा है। इसमें रिसर्च, इनोवेशन, हैकथॉन विजेता, नवीन परियोजनाओं के लिए सरकारी एजेंसियों से आर्थिक सहायता प्राप्त, मल्टीनेशनल कंपनियों, गैरसरकारी संगठनों से नवाचार के लिए पोषित छात्र, परियोजनाओं, पेेटेंट रखने वालों, पंजीकृत स्टार्टअप, इन्क्यूबेटरों में प्रशिक्षण के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को दाखिला मिलेगा। संस्थान इनसे ट्यूशन फीस नहीं वसूलेंगे।
प्रतिभाशाली छात्रों को सशक्त बनाना है उद्देश्य
हालांकि, मौजूदा मानदंडों के अनुसार परीक्षा, छात्रावास, पुस्तकालय, परिवहन, प्रयोगशाला और अन्य गतिविधियों के लिए शुल्क ले सकते हैं। दो अतिरिक्त सीटों की पेशकश के पीछे एआईसीटीई का उद्देश्य प्रतिभाशाली छात्रों को सशक्त बनाना है।