लद्दाख के जिस स्कूल में थ्री इडियट्स फिल्म की शूटिंग हुई थी, उस स्कूल को जल्द ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की मान्यता मिलने की उम्मीद है। स्कूल की मान्यता का मसला 20 साल से अटका पड़ा था। अब जल्द ही इसे केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्धता मिल जाएगी।
स्कूल को जम्मू-कश्मीर बोर्ड से एनओसी मिल गई है, यह लंबे समय से लंबित थी। इस स्कूल का नाम ड्रुक पद्मा कार्पो स्कूल है। यह स्कूल आमिर खान की अभिनीत फिल्म थ्री इडियट्स के बाद चर्चा में आया था, इसे रैंचो के स्कूल के नाम से भी जाना जाता है। स्कूल की स्थापना के दो दशक लंबे इंतजार के बाद अब इस स्कूल को सीबीएसई की संबद्धता मिल सकेगी।
नियम के अनुसार सीबीएसई द्वारा किसी भी स्कूल को उसकी संबद्धता पाने के लिए उस राज्य के शिक्षा बोर्ड से अनापत्ति प्रमाण पत्र चाहिए होता है। वहीं, अगर विदेशी स्कूल को सीबीएसई की संबद्धता प्राप्त होगी तो उस स्कूल को संबंधित देश में संबंधित दूतावास या भारत के वाणिज्य दूतावास में एक समान दस्तावेज की आवश्यकता होती है। लद्दाख का यह स्कूल, जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड (जेकेबीओएसई) से संबद्ध है। जिसमें वर्ष 2009 में आई फिल्म थ्री इडियट्स फिल्म की शूटिंग हुई थी।