नई दिल्ली। मयूर विहार में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त अभिषेक कुमार (27) के रूप में हुई। बृहस्पतिवार रात अभिषेक खाना खाने के बाद टहलने निकला था। इसके बाद अगले दिन पास के एक पार्क में उसका शव मिला। बाएं हाथ पर इंजेक्शन लगाने के लगभग 20 निशान मिले। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। परिवार की शिकायत पर गाजीपुर थाना पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव सौंप दिया। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने में काफी देरी की। पुलिस ने उसका मोबाइल कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का पुलिस इंतजार कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक परिवार के साथ मयूर विहार के फेज-3 स्थित जनता फ्लैट में रहता था। परिवार में पिता शिव शंकर प्रसाद, मां और दो शादीशुदा बहनें हैं। अभिषेक ने एमबीए कर रखी थी। वह नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करता था। 27 अगस्त की रात खाना खाने के बाद अभिषेक टहलने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन उसके मोबाइल पर कॉल करते रहे, लेकिन फोन नहीं उठा। परिवार ने गाजीपुर थाने में इस संबंध में शिकायत दी।
अगले दिन पास के पार्क में टहलने गए एक शख्स ने युवक को अचेत अवस्था में बेंच पर देखा। युवक की जेब में लगातार मोबाइल बज रहा था, उसकी बहन उसे फोन कर रही थी। शख्स ने फोन उठाकर युवक के अचेत अवस्था में होना बताया। इस पर परिवार फौरन वहां पहुंचा, पुलिस भी आ गई। युवक के बाएं हाथ पर इंजेक्शन के निशान थे। उसकी मौत हो चुकी थी।