देश की राजधानी दिल्ली में तिगड़ी थाना इलाके में रविवार को एक अपराधिक प्रवृति के युवक की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी गई। घायल राहुल(22) नाम के युवक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी।
तिगड़ी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर आरोपी युवक गोविंद को गिरफ्तार कर लिया है। राहुल के खिलाफ हत्या, चोरी व एक्साइज एक्ट के छह से ज्यादा मामला दर्ज थे। उसके तीन भाई इलाके घोषित बदमाश हैं।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर के अनुसार रविवार दोपहर करीब पौने तीन बजे सूचना मिली थी कि डीडीए फ्लैट्स तिगड़ी में एक युवक के सिर में लोहे का हथौड़ा मारा है और पुलिस की तुरंत जरूरत है। सूचना के बाद एसआई सत्यवीर अन्य स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और पता लगा कि घायल को बत्रा अस्पताल ले गए हैं।
वहां उसे मृत घोषित कर गया है। एसआई सत्यवीर को पार्क में मिलने संजय ने बताया कि वह राहुल व अन्य साथियों के साथ पार्क में बैठा हुआ था। तभी गोविंद हथौड़ा लेकर वहां आया और राहुल के सिर पर हथौड़े से कई वार कर दिए। राहुल व गोविंद की बीच रंजिश चल रही थी। दोनों के बीच करीब एक महीने पहले झगड़ा हुआ था। पुलिस ने संजय के बयान पर मामला दर्जकर आरोपी गोविंद को गिरफ्तार कर लिया।