मशहूर कुश्ती खिलाड़ी लाभांशु शर्मा को नेपाल के गांधी पीस फाउंडेशन की ओर से डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। आमतौर पर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती को लेकर चर्चा में रहने वाले लभांशु इस बार समाज में बढ़ रहे तनाव को कम करने के लिए सम्मानित किए गए हैं।
पिछले साल दिल्ली में हुए सांप्रदायिक दंगों के बाद समाज के दो समुदायों में बढ़े तनाव को कम करने में लभांशु ने काफी अहम कदम उठाए। उन्होंने हिंसक इलाकों में जाकर दोनों समुदायों के लोगों को करीब लाने के लिए कई बैठकें कीं। समाज में संद्भावना का संदेश दिया। उनके इसी कार्य के लिए नेपाल स्थित गांधी पीस फाउंडेशन ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया है।
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय कुश्ती चैंपियन लाभांशु शर्मा बीते साल विश्न शांति के उद्देश्य से 100 से अधिक देशों में भाईचारे का संदेश देने के लिए उत्तराखंड से यात्रा पर निकले थे। इस बीच जब वह 32 देशों की यात्रा कर चुके थे तो उन्हें कोरोना के कारण अपनी यह यात्रा बीच में ही छोड़कर वापस भारत लौटना पड़ा।
लाभांशु का अगला मिशन ऋषिकेश से लंदन तक की सबसे बड़ी बस यात्रा का है। यह यात्रा इस वर्ष जून माह में प्रस्तावित थी। लेकिन कोरोना के कारण फिलहाल यह इस यात्रा की संभावना न के बराबर ही है। गांधी पीस फाउंडेशन की ओर प्रदान मानद उपाधि को लेकर लुभांशु ने बताया कि वह काफी गौरवांवित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह शांति और सद्भावना के लिए अब और इच्छाशक्ति व दृढ़ता के साथ काम करेंगे।