आया नगर गांव में पांच करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का किया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले आया नगर गांव में पांच करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इन कार्यों में गलियों के निर्माण और नालियों के पुनर्निर्माण को प्राथमिकता दी गई है।
इस दौरान विधायक करतार सिंह तंवर, एमसीडी की स्थायी समिति के उपाध्यक्ष सुंदर सिंह तंवर, पूर्व पार्षद रमेश अम्बावता और वेदपाल भी उपस्थित थे। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बताया कि क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये की योजनाएं डीडीए से स्वीकृत कराई गई हैं, जिनमें से यह पहला चरण है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनकी सरकार ने 80 एमजीडी के यूजीआर की स्वीकृति भी दे दी है, जिससे क्षेत्र में जलापूर्ति की समस्या का समाधान होगा। बिधूड़ी ने यह भी बताया कि छात्राओं के लिए नया कॉलेज खोलने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है और जौनापुर में वर्ल्ड क्लास स्किल यूनिवर्सिटी का निर्माण जल्द शुरू होने की संभावना है।