पर्यावरण मंत्री गोपाल राय प्रदूषण के मुद्दे को लेकर दिल्ली सरकार के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में दिल्ली में प्रदूषण को लेकर लगे प्रतिबंध को लेकर भी चर्चा की जाएगी, जिसके तहत निर्माण गतिविधियों और ट्रकों को लेकर लगी रोक लेकर निर्णय होगा। एक अधिकारी के मुताबिक, सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में प्रदूषण को लेकर लगाई गई याचिका पर भी सुनवाई होनी है। ऐसे में माना जा रहा है कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रविवार को कहा कि कोरोना के नए वैरिएंट मिलने के बाद सभी सरकारी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान लोगों से अनावश्यक रूप से एक जगह जुटने से बचने की अपील की है।सिसोदिया ने कहा कि सरकारी विभागों विशेषकर स्वास्थ्य विभाग को कोरोना के नए रूप के किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए बुनियादी ढांचे और अन्य आवश्यक सुविधाओं को फिर से बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
सिसोदिया के मुताबिक, दिल्ली सरकार नए वैरिएंड को लेकर सतर्क है। इस पर सोमवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण(डीडीएमए) की बैठक बुलाई गई है। सिसोदिया ने कहा कि अगर एक भी व्यक्ति नए वैरिएंट को लेकर दिल्ली आता है तो यह तेजी से फैलेगा। डीडीएमए सोमवार को अपनी बैठक में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से उतरने वाले यात्रियों के आरटी-पीसीआर टेस्ट करने को लेकर फैसला ले सकती है। विशेषकर दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना, जिम्बाब्वे और हांगकांग और अन्य देश जहां से कोरोना के नए वैरिएंट के संक्रमित मरीज मिल रहे हैं।