दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश हो रही है। हल्की बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। जिससे लोगों को काफी राहत मिली है। मौसम सुहावना बना हुआ है।
आपको बता दें कि पूर्वी दिशा से बहने वाली हवा के साथ आने वाले मानसून को दिल्ली पहुंचने में देरी हो रही है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो आगामी तीन से चार दिनों तक मानसून के पहुंचने की उम्मीद नहीं है। पश्चिमी हवाओं के रूकने बाद ही दिल्ली वासियों को मानसून की दस्तक देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, इस समय पश्चिम से आने वाले हवाएं राजस्थान से दिल्ली का रूख कर रही हैं। दूसरी ओर, पूर्वी दिशा से आने वाली हवाएं भी चल रही हैं। दोनों दिशा से आने वाले हवाएं उत्तरभारत के ऊपरी भाग में आकर टकरा रही हैं। इससे पूर्वी दिशा की हवा पश्चिमी हवा के आगे कमजोर पड़ रही है। यही वजह है कि दिल्ली-एनसीआर के वासियों का मानसून को लेकर इंतजार बढ़ रहा है।
प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से चार कम 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन कम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 81 और न्यूनतम स्तर 54 फीसदी रहा।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों की बात करें तो पालम में अधिकतम तापमान 35.2, लोदी रोड में 34.9, गुरुग्राम में 35.7, नोएडा में 35 व पीतमपुरा में 35.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य 37 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अभी तक प्री मानसून से भी दिल्ली-एनसीआर वासियों को निराशा ही हाथ लग रही है। विभाग प्रतिदिन बारिश की संभावना बता रहा है, लेकिन इसके विपरित सूरज और बादलों के बीच दिनभर सिर्फ लुकाछिपी का ही खेल चलता है।