अलीगढ़ में बारिश से मेला पूरी तरह से चौपट
अलीगढ़ में अचानक हुई बारिश से नुमाइश मैदान में दशहरे के मेले में भगदड़ मच गई। बारिश के चलते झूले व दुकानों का संचालन बंद किया गया। वहीं, मेले के समय अचानक हुई बारिश ने प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी। प्रशासन करीब एक माह पूर्व से तैयारियों में जुटा था।
मौसम विभाग ने कई राज्यों में जताई बारिश की आशंका
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, यूपी, दिल्ली एनसीआर, हरियाणा समेत कुछ राज्यों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार दक्षिण महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी में भी बारिश के आसार हैं।
दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश
राजधानी दिल्ली व एनसीआर में भी आज दशहरे के मौके पर कई इलाकों में हल्की बारिश हो हुई। मौसम विभाग के अनुसार, देश के कई राज्यों में बीते 24 घंटों में बादलों ने डेरा डाल दिया है और तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। हालांकि, दिल्ली समेत अधिकतर राज्यों से मानसून 2022 की विदाई हो चुकी है। इसलिए अब होने वाली बारिश शीतकालीन वर्षा मानी जाएगी। चार माह का वर्षाकाल या चौमासा 30 सितंबर को खत्म हो चुका है। चौमासे में देश के अधिकतर राज्यों में औसत से अधिक वर्षा दर्ज हुई, हालांकि यूपी, बंगाल, पंजाब, झारखंड, बिहार के कुछ हिस्सों में औसत से कम वर्षा दर्ज की गई है।