बीते कुछ दिनों से कड़ाके की सर्दी को झेल रहे दिल्लीवालों को शुक्रवार को शीत लहर से मामूली राहत मिली। शीत लहर के प्रकोप में मामूली सुधार होने के कारण 2 से 4 डिग्री के बीच चल रहा न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली सुबह 10 बजे तक कोहरे की चादर में लिपटी रही। 11 बजे के बाद मामूली धूप निकली, लेकिन उसके बाद आसमान में हल्के बादलों ने डेरा डाल लिया।
अब शनिवार को एक बार फिर से शीत लहर का प्रकोप बढ़ेगा और पारा चार डिग्री तक पहुंच जाएगा। 18 जनवरी के बाद से सर्दी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। शुक्रवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 6.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरा छाए रहने केकारण सफदरजंग में दृश्यता घट कर 201 मीटर और पालम में 300 मीटर रह गई।
शनिवार को भी कई हिस्सों में घने कोहरे का अनुमान जताया गया है। आईएमडी के अनुसार बहुत घना कोहरा होने पर दृश्यता 0 से 50 मीटर के बीच होती है। घने कोहरे के मामले में दृश्यता 51 से 200 मीटर के बीच, मध्यम स्तर के कोहरे में दृश्यता 201 से 500 मीटर के बीच और हल्का कोहरे में दृश्यता 501 से 1,000 मीटर के बीच रहती है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम हिमालय से आ रही ठंडी और शुष्क उत्तर पश्चिमी हवाओं केकारण बीते गुरुवार को न्यूनतम तापमान दो दशकों बाद सबसे कम 2 डिग्री दर्ज किया गया था। अब हवा की दिशा फिर से बदल गई है और उत्तर पूर्व की हो गई है।
इस कारण से न्यूनतम तापमान बढ़ा है वहीं आंशिक रुप से बादल छाए रहने के कारण भी तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मालूम हो कि इस साल केपहले दिन एक जनवरी को न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अब 18 जनवरी केबाद से अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री केबीच व न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री केबीच रहने की संभावना है।
पूर्वानुमान: घना कोहरा छाया रहेगा, कई इलाकों में कड़ाकेकी सर्दी का प्रकोप रहेगा।
आज का तापमान
अधिकतम तापमान: 20.8 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 6.4 डिग्री सेल्सियस
16 जनवरी को सूर्यास्त: शाम 5:48 मिनट
17 जनवरी को सूर्योदय: सुबह 7:15 मिनट