मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को सफदरजंग मौसम मानक केंद्र पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया था।
दिल्ली-एनसीआर शीत लहर की चपेट में है। सफदरजंग इलाके में मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को सफदरजंग मौसम मानक केंद्र पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया था। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान समान्य से एक डिग्री कम 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि रविवार को न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
22 से 25 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी
मौसम विभाग के अनुसार अभी दो पश्चिमी विक्षोभ के असर और उत्तर पश्चिमी हवाओं की रफ्तार धीमी होने से 22 दिसंबर से 25 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। 23 दिसंबर को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने और 26 दिसंबर को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहने का अनुमान है। 23 दिसंबर से घना कोहरा पड़ने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने लगाया है।