दिल्ली-एनसीआर का मौसम लगातार बदल रहा है। दिन में जहां धूप की कसावट बनी हुई है। वहीं, रात में हल्की सर्दी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को तेज बारिश हो सकती है। इससे मौसम करवट लेगा और न्यूनतम तापमान में कमी आने के साथ राते सर्द होना शुरू हो जाएंगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक अधिक 32.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो अधिक 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 44 से 94 फीसदी रहा। दोपहर में धूप की तपिश महसूस की गई, लेकिन शाम होते ही हल्की सर्दी का अहसास बना रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ तेज बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 व न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बारिश होने की स्थिति में अगले पूरे सप्ताह न्यूनतम तापमान में कमी आएगी और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। इससे रात में सर्दी का अहसास और बढ़ जाएगा।
औसत श्रेणी में रही दिल्ली-एनसीआर की हवा
दिल्ली-एनसीआर की हवा इन दिनों औसत श्रेणी में दर्ज की जा रही है। शनिवार को भी दिल्ली समेत फरीदाबाद और गुरुग्राम की हवा औसत श्रेणी में दर्ज की गई। इसके अलावा अन्य शहरों की हवा खराब श्रेणी में रही है। अगले 24 घंटे में भी हवा की गुणवत्ता में बदलाव की संभावना नहीं है।
सफर के मुताबिक, बीते 24 घंटे में पड़ोसी राज्यों में 1526 पराली जलने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इस वजह से पीएम 2.5 कण की प्रदूषण में तीन फीसदी हिस्सेदारी रही। हालांकि, दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी दिशा की ओर से हवा न आने के कारण पराली के धुएं का असर कम दिख रहा है। दिल्ली में इस समय स्थानीय स्तर पर उड़ने वाली धूल प्रदूषण के लिए कारक बन रही है। बीते 24 घंटे में हवा में पीएम 10 का स्तर 175 माक्रोग्राम प्रतिघन मीटर व पीएम 2.5 का स्तर 72 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंणत्र बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 173 रहा। इसके अलावा फरीदाबाद का 158, गाजियाबाद का 249, ग्रेटर नोएडा का 217, गुरुग्राम का 150 व नोएडा का एक्यूआई 190 रहा।