नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 26 मामलों में फरार घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गौरव यादव के खिलाफ दिल्ली समेत पड़ोसी राज्यों हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, झपटमारी और गैंगस्टर एक्ट के तहत 54 मामले दर्ज हैं।
विज्ञापन
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त नारा चैतन्य ने बताया कि सेल की जनकपुरी टीम को सूचना मिली थी कि एक बदमाश विकासपुरी-निलोठी नाला रोड स्थित मच्छी मार्केट के पास आने वाला है। जानकारी के आधार पर टीम ने मार्केट के आसपास के इलाके में जाल बिछाया। इस दौरान रात करीब 10:20 बजे एक व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद निवासी गौरव यादव के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद हुए। जांच में पता चला कि दिल्ली और हरियाणा के 25 मामलों में अदालत ने उसे घोषित अपराधी करार दिया हुआ है। साथ ही, उत्तर प्रदेश में गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में भी वह वांछित है। संवाद