शिवसेना के तत्कालीन नेता दीपक सब्बरवाल के साथी व ड्राइवर सत्यप्रकाश पांडेय ने वर्ष 1996 में संसद मार्ग पर हिंसक प्रदर्शन किया था। आरोपियों ने आगजनी व तोड़फोड़ की थी। कोर्ट ने सत्यप्रकाश पांडेय को जुलाई, 2019 में भगोड़ा घोषित किया था। मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने आरोपी सत्यप्रकाश पांडेय को अब गिरफ्तार किया है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार राजेंद्र त्यागी की शिकायत पर संसद मार्ग थाने में दंगा भड़काने का मामला 1996 में दर्ज हुआ था। टिकट लेने के लिए शिवसेना के तत्कालीन नेता दीपक सब्बरवाल व उसके कार्यकर्ताओं ने हिंसक प्रदर्शन किया था। इस दौरान तोड़फोड़ व आगजनी भी हुई थी।
ट्रायल के दौरान आरोपी सत्यप्रकाश पांडेय कोर्ट में पेश नहीं हुआ था। कोर्ट ने उसे 16 जुलाई 2019 को भगोड़ा घोषित कर दिया था। मंदिर मार्ग थाने में तैनात व भगोड़े बदमाश पकडने में माहिर एसआई जय सिंह व एएसआई इंद्रसिंह की टीम उसकी तलाश कर रही थी।
इस टीम ने आरोपी को गांव दिवानपुर शहानी, थाना किसनी जिला मैनपुर यूपी स्थित उसके घर से पकड़ लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया जा रहा है कि शिवनेता भी जालसाजी के कई मामलों में परिवार के कई सदस्यों समेत भगोड़ा घोषित हो रखा है।