डीजे पर समर्थक नाचते रहे, पटाखे भी जलाए, ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाई खिलाई
फूलों की बारिश कर समर्थक नॉर्थ कैंपस स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में जीत मिलने के बाद विजेता प्रत्याशियों ने नॉर्थ कैंपस में जीत का जश्न मनाया। एबीवीपी उम्मीदवारों के तीन सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद समर्थकों ने कैंपस में जुलूस निकाला। इस दौरान डीजे पर समर्थक नाचते रहे, वहीं पटाखे भी जलाए गए। ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाई खिलाते हुए और फूलों की बारिश करते हुए समर्थक नॉर्थ कैंपस स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पहुंचे। इस दौरान समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए नारे भी लगाते रहे।
समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को कंधों पर लेकर कैंपस में घुमाया। गाड़ियों में लगे गानों पर समर्थक नाचते रहे। पूरा कैंपस विजयी नारों से गूंजता रहा। जगह-जगह बैरिकेडिंग होने के कारण कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी रही। एनएसयूआई ने भले ही एक सीट जीती हो, लेकिन मतगणना केंद्र के बाहर प्रत्याशी के समर्थकों ने भी जीत का जश्न मनाया।
कैंपस में खूब उड़े पर्चे व पोस्टर
डूसू चुनाव के नतीजे आने के बाद कैंपस में बीते साल के एनजीटी के पेपर लेस चुनाव के आदेश की खूब धज्जियां उड़ाई गईं। जश्न के दौरान आर्ट्स फैकल्टी स्थित स्वामी विवेकानंद प्रतिमा पर पहुंचे विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर प्रिटेंड सामग्री हवा में उड़ाई। इस कारण से फैकल्टी व छात्रावास मार्ग की सड़कें प्रिटेंड सामग्री से पट गईं।
एनएसयूआई की प्रतिक्रिया
दिल्ली एनएसयूआई के अध्यक्ष कुणाल सहरावत ने कहा कि छात्रों के इस मत आदेश का स्वागत करते हैं। हमने चुनाव में पूरा मुकाबला किया है, अध्यक्ष पद पर भी कांटे की टक्कर रही। कुछ कमियां रही हैं, जिन्हें आने वाले समय में सुधारेंगे। छात्रों से घोषणा पत्र के माध्यम से जो भी वादे किए हैं उन्हें पूरा करवाएंगे।
एबीवीपी की प्रतिक्रिया
एबीवीपी दिल्ली के प्रदेश मंत्री हर्ष अत्री ने कहा कि एबीवीपी एक जिम्मेदार संगठन के रूप में विद्यार्थियों को हमेशा उठाता आया है। हम छात्रों का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने एबीवीपी को एक बार फिर से चुना। हम छात्रों के भरोसे पर खरा उतरने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। हमने जो वादे किए हैं उसे पूरा करेंगे। चुनाव के दौरान एनएसयूआई ने काफी हिंसा की और उसी का जवाब आज उन्हें छात्रों की ओर से मिला है।