लाल किले मेंं आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में 350 बच्चों ने कीर्तन किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नौवें पातशाह गुरु तेग बहादुर साहिब और उनके पवित्र सेवक भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दियाला के 350वें शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। रकाबगंज साहिब गुरुद्वारे में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दर्शन कर सरबत के भले की अरदास की।
रकाबगंज साहिब में दर्शन के बाद उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब की शहादत मानव इतिहास की अतुलनीय घटना है। उन्हें गुरु साहिब के बलिदान से जुड़े कई ऐतिहासिक तथ्य बताए गए, जिन्होंने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। यह शहादत केवल धर्म के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए दी गई कुर्बानी है। ऐसा उदाहरण इतिहास में कहीं नहीं मिलता। दुनियाभर को इस महान त्याग के बारे में विस्तृत रूप से बताया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस को भव्य रूप से मनाए जाने पर उन्हें गर्व है। उन्होंने बताया कि 23 से 25 नवंबर तक लाल किले पर विशेष तीन दिवसीय समागम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरु साहिब के सिद्धांत धर्म की रक्षा, मानवाधिकार और बलिदान आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक हैं। इस ऐतिहासिक पर्व को दिल्ली में पूरे सम्मान और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि गुरु साहिब की छत्रछाया में जीवन बिताना ही अपने आप में सौभाग्य है। गुरु तेग बहादुर साहिब का बलिदान यह संदेश देता है कि सत्य और न्याय की रक्षा के लिए किसी भी कीमत पर खड़ा होना जरूरी है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि संगत की भारी भीड़ को देखते हुए प्रबंधों को और मजबूत किया गया है।