दिल्ली में अनलॉक -5 के तहत आज से कंटेनमेंट जोन से बाहर आधी क्षमता के साथ जिम, फिटनेस सेंटर और योग केंद्र खोलने की इजाजत रहेगी। हालांकि महामारी की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए अधिकतर योग संस्थानों ने फिलहाल ऑनलाइन कक्षाएं ही जारी रखने का फैसला लिया है। उधर, जिम और बैंक्वेट हॉल संचालक रविवार को तैयारियों में व्यस्त रहे।
यहां मिली छूट
योग कक्षाएं ऑनलाइन रखने पर जोर
दिल्ली सरकार ने सोमवार से जिम और योग संस्थानों को खोलने की अनुमति दे दी है। वहीं, महामारी की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए अधिकतर योग संस्थानों ने फिलहाल ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखने का फैसला लिया है।
योग गुरु नेहा वशिष्ठ ने बताया कि वह धीरे-धीरे अपनी वर्चुअल योग कक्षाओं को भौतिक रूप से संचालित करने की तैयारी कर रही हैं। फिलहाल वह केवल ऐसे परिसर में ही योग कक्षाएं आयोजित करने के पक्ष में हैं जहां काफी खुली जगह उपलब्ध है। वहां सामाजिक दूरी का पालन कराया जा सके।
मालवीय नगर में स्थित नवधा योग हेल्थ केयर इंस्टीट्यूट के धीरेंद्र सिंह ने बताया कि उनका केंद्र करीब सालभर से बंद था। पिछले दो महीने से उन्होंने ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू किया। अभी वह अपनी कक्षा ऑनलाइन ही नियमित रखना चाहते हैं। लाजपत नगर में योग सारथी का संचालन करने वाली नीलम कालरा ने बताया कि वह अभी हालात सामान्य होने तक ऑनलाइन सत्र का आयोजन ही करेंगी।