नई दिल्ली। गोविंदपुरी थाना इलाके में भतीजे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर फूफा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी फूफा की रोक-टोक से परेशान था। पुलिस ने भतीजे राहुल व उसके दोस्त को आगरा से गिरफ्तार कर लिया है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार हरीकिशन परिवार के साथ ट्रांजिट कैंप, गोविंदपुरी में रहते थे। उसके घर से कुछ दूरी पर साले का घर है। वहा साले राजेश के बेटे राहुल को अक्सर टोकता रहता था और खरी-खोटी सुनाता था। दो दिन पहले भी राहुल को किसी बात पर टोक दिया था। इस पर दोनों में झगड़ा हो गया था। परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर दिया था। शुक्रवार शाम को जब वह शराब पीकर लौट रहा था तो राहुल और दोस्त बाबू उससे झगड़ा करने लगा।
इस पर हरीकिशन ने बीयर की बोतल से आरोपी पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने पांच से छह बार चाकू मारे और घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। घायल की पत्नी और बेटा उसे सफदरजंग अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गोविंदपुरी थानाध्यक्ष पीसी खंडूरी की देखरेख में पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस के आधार पर आरोपियों को आगरा से गिरफ्तार कर लिया।