बापरौला गांव के दास गार्डन मछली मार्केट के पास हुई वारदात
हत्या के मकसद का खुलासा नहीं, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रणहौला इलाके में रविवार रात बापरौला गांव के दास गार्डन मछली मार्केट के पास दो युवकों की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान मुकेश व राजेश के रूप में हुई है। दोनों पेशे से मिनी टेंपो चालक थे। दोनों का शव अलग-अलग जगह से लहूलुहान हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर गई, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनकी हत्या करने के मकसद के बारे में खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस रंजिश और लूटपाट की पहलू से मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक युवक जख्मी हालत में मछली मार्केट में आया और वहीं गिर गया। उसके सीने में चाकू के घाव थे। युवक के गिरते ही मछली मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। लोग दुकान बंद कर जाने लगे। इसी बीच किसी ने फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिवारवालों का कहना है कि इलाके में रहने वाला युवक दोनों को बुलाकर ले गया था, लेकिन पुलिस को अभी तक युवक नहीं मिला है। वह अपने घर से गायब है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि जिस जगह पर राजेश का शव मिला है, वह काफी सुनसान है। वहां अकसर नशेड़ी जाते हैं। पुलिस का कहना है कि इस बात की भी आशंका है कि दोनों ने एक दूसरे पर हमला किया हो। आशंका यह भी है कि उन पर किसी नशेड़ी ने हमला किया हो।
बाइक सवारों से झगड़े की बात आई सामने
जांच के दौरान कुछ लोगों ने बताया कि घटना के कुछ देर बाद एक बाइक पर सवार दो लोगों को द्वारका मोड़ से मछली मार्केट की तरफ जाते हुए देखा था। उन लोगों ने आशंका जताई कि बाइक सवार बदमाशों ने दोनों से लूटपाट की कोशिश की होगी, जिसका विरोध करने पर दोनों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारी का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।