नई दिल्ली। महिला दोस्त से मिलने पहुंचे युवक को जब अचानक उसके परिजनों के घर आने की भनक लगी तो वह घबरा गया। पकड़े जाने से बचने के लिए उसने अपने दोस्त के साथ चौथी मंजिल से नीचे उतरने की योजना बनाई। दोनों ने घर में रखी साड़ियों को आपस में बांधकर रस्सी बनाई और बालकनी से नीचे उतरने लगे। हालांकि, उतरने के दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया। एक युवक पास के मकान की छत पर जा गिरा, जबकि दूसरा सीधे नीचे गिरकर घायल हो गया। घटना डाबड़ी थाना क्षेत्र के चाणक्य प्लेस की है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम एक युवती घर में अकेली थी। उसने अपने प्रेमी को मिलने के लिए घर बुलाया था। युवक अकेले आने के बजाय एक दोस्त को भी साथ ले आया। इसके बाद तीनों घर में पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक युवती के परिजन घर पहुंच गए। उन्हें देखकर दोनों युवक घबरा गए। बताया जा रहा है कि घरवालों के सामने आने से बचने के लिए युवती ने साड़ियों को आपस में बांधकर लंबी रस्सी तैयार की और उसे बालकनी से नीचे लटका दिया था।
बालकनी से साड़ी के सहारे दो युवकों को नीचे उतरते देखकर पड़ोसी को चोरी होने का शक हुआ। उसने तत्काल पीसीआर कॉल कर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मामला चोरी का नहीं, बल्कि युवती से मिलने आए दो युवकों के घायल होने का निकला। पुलिस ने दमकल विभाग और एंबुलेंस की मदद से दोनों को बाहर निकलवाया और उपचार के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उनके बयान दर्ज होने के बाद ही घटनाक्रम की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल मामले में कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है।