आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने गांधी नगर बाजार के 47 दुकानदारों को 13.77 करोड़ की ठगी करने वाले दो आरोपियों को तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले से गिरफ्तार किया है। शनिवार को पकड़े गए दोनों की पहचान रमन मुरुगम उर्फ रामजी (61) और सुंदर राजन (44) के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियाें व अन्य ने खुद को तमिलनाडु का कपड़े का कारोबारी बता पोस्ट डेटेड चेक देकर रेडीमेड वस्त्र खरीदे थे। कारोबारियों को दिए गए चेक बाउंस हो गए। साथ ही आरोपी अपने बताए गए फर्म के ऑफिस परिसर को खाली कर फरार हो गए। पुलिस गिरोह के अन्य फरार बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
ईओडब्ल्यू के ज्वाइंट कमिश्नर डॉ. ओपी मिश्रा ने बताया कि मनोज कुमार गुप्ता ने गांधी नगर बाजार के 47 दुकानदारों के साथ आर्थिक अपराध शाखा में 5 अगस्त को मामला दर्ज कराया था।
शिकायत में उन्होंने यह कहा था कि रेडीमेड कपड़ों को श्रीकामक्षी ट्रेडर्स के ए शिवा कुमार, रवि पेयाचेट्टी, वेंकटेशन और जय हनुमान ट्रेडर्स एंड कंपनी के सेंथिल कुमार, रमन मुरूगन उर्फ रामजी और वेंकटरमन (कमीशन एजेंट) को 60 से 90 दिनों के पीडीसी (पोस्ट डेटेड चेक) के बदले में मुहैया कराया था।
शुरू में इन चेक से भुगतान हुआ भी, लेकिन कुछ दिनों के बाद चेक को जब जमा कराया गया था तो वह बाउंस हो गए। इस बीच आरोपी अपनी फर्मों को बंद कर बिना किसी को जानकारी दिए किराये पर लिए गए परिसर को भी खाली कर फरार हो गए।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दुकानदारों को धोखा देने वाले खुद को तमिलनाडु के एक बड़े क्लॉथ मर्चेंट के रूप में पेश करते थे। जैसे ही यह पता चला कि इसमें दो आरोपियों की लोकेशन अभी तमिलनाडु में है तो ईओडब्लू ने तमिलनाडु की कृष्णगिरी जिला पुलिस की मदद से आरोपी रमन मुरुगम उर्फ रामजी (61) और सुंदर राजन (44) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इन दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।