मोहन गार्डन थाना पुलिस ने एक शख्स की हत्या होने से बचाने के साथ-साथ दो ऐसे बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो हथियारों की तस्करी में लिप्त हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किये हैं। पुलिस पकड़े गये आरोपियों को हथियार मुहैया करने वाले एक बदमाश की तलाश में दबिश दे रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम नगर निवासी मानवेंद्र सिंह (22) और मोहन गार्डन निवासी मोहित के रूप में हुई है। मोहन गार्डन थाने में तैनात पुलिसकर्मी ई-बीट बुक में दर्ज बदमाशों पर लगातार निगरानी रखती है।
रविवार को सब इंस्पेक्टर सुभाष के नेतृत्व में टीम जेल से जमानत पर निकले बदमाशों की जांच करने जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि एक बदमाश हथियार लेकर शनि बाजार के पास आने वाला है। पुलिस टीम घेराबंदी कर वहां पहुंचे मानवेंद्र को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पिस्टल और तीन कारतूस मिले। पूछताछ में उसने बताया कि मोहन गार्डन निवासी मोहित ने उसे हितेश नाम के युवक की हत्या के लिए हथियार मुहैया करवाया था। उसके निशानदेही पर पुलिस ने मोहित को उसके घर से दबोच लिया। उसके पास से एक पिस्टल और दो कारतूस मिले।
उसने बताया कि रंजिश की वजह से वह हितेश की हत्या करवाना चाहता था। हथियार के बारे में पूछे जाने पर उसने बताया कि उसने रणहौला के रहने वाले संदीप से हथियार लिया था। लेकिन उसे यह पता नहीं है कि संदीप रणहौला में कहां रहता है। पुलिस संदीप की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने बताया कि मानवेंद्र पर दुष्कर्म का एक मामला दर्ज है जबकि मोहित पर छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।