नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने लूटपाट करने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो गर्लफ्रेंड के साथ लूटपाट करते थे। पुलिस ने नाबालिग समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये गर्लफ्रेंड को साथ ले जाते थे ताकि पुलिस को शक न हो। लाजपत नगर थाना पुलिस महिला मित्र की तलाश कर रही है।
आरोपियों ने आठ सितंबर को एक ऑटो चालक को चाकू दिखाकर कर लूटा था। ऑटो चालक ने मौके से भाग कर अपनी जान बचाई थी। जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा के अनुसार मदर डेयरी, जल विहार, लाजपतनगर में ऑटो चालक को चाकू दिखाकर लूटने की सूचना आठ सितंबर को मिली थी। सूचना के बाद एसआई किशोर कुमार मौके पर पहुंचे।
पीड़ित ऑटो चालक मो. दानिश ने बताया कि शाम करीब साढ़े सात बजे दो लड़कों व एक लड़की ने मूलचंद से जल विहार जाने के लिए ऑटो किराए पर लिया। जब वह जल विहार पहुंचे तो आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसका मोबाइल व 150 रुपये लूट लिए।
पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला। इस टीम ने आरोपी अमन उपाध्याय व एक नाबालिग को उस समय पकड़ लिया जब ये लूट का मोबाइल बेचने नेहरू नगर आए थे। अमन के कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया गया। दोनों आरोपी व महिला दोस्त ड्रग्स लेने के आदी हैं। ये नशा करके लूटपाट करते थे।