फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi-NCR : दो दिन की बारिश से महीने भर की कमी पूरी, आज भी संभावना, नोएडा-गाजियाबाद में आठवीं तक छुट्टी

Sat, 24 Sep 2022 04:46 AM IST
दुष्यंत शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Delhi-NCR : दिल्ली-एनसीआर में सितंबर के शुरू के तीन सप्ताह में मानसूनी बारिश में 49 फीसदी की कमी दर्ज की गई थी। हालांकि, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को सिर्फ दो दिन में बदरा कुछ यूं बरसे कि पूरे महीने की कमी पूरी हो गई।
 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : मनीष शर्मा
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली-एनसीआर में सितंबर के शुरू के तीन सप्ताह में मानसूनी बारिश में 49 फीसदी की कमी दर्ज की गई थी। हालांकि, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को सिर्फ दो दिन में बदरा कुछ यूं बरसे कि पूरे महीने की कमी पूरी हो गई। वहीं, बारिश की कमी के कारण सूखे का सामना कर रहे उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अचानक बाढ़ की स्थिति बन गई है। 

विज्ञापन


मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे दक्षिण और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली व एनसीआर के ऊपर निम्न स्तर पर चक्रवात की स्थिति बनी हुई है। इस कारण इन इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि यूपी, दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में अगले 48 घंटे भी बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तराखंड के लिए 25 सितंबर तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में शनिवार को भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। 

गौतमबुद्धनगर-गाजियाबाद में आज भी आठवीं कक्षा तक रहेगी छुट्टी
मूसलाधार बारिश के कारण उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को भी स्कूल बंद रहेंगे। गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़ आैर बुलंदशहर में आठवीं कक्षा तक के लिए छुट्टी के निर्देश दिए गए हैं। 
विज्ञापन


दो दिन में 80 मिमी बारिश 
दिल्ली-एनसीआर में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को दिन भर रुक-रुककर बारिश होती रही। बीते 24 घंटे में दिल्ली के मासिक औसत का 63 फीसदी बारिश दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार सुबह से शुक्रवार शाम तक दिल्ली में 80 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में अगले 48 घंटे भी बारिश का दौर जारी रहेगा। शनिवार को कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। विभाग के मुताबिक, सितंबर में राजधानी में औसत बारिश 112.8 मिमी होती है। बृहस्पतिवार सुबह 8:30 बजे से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक 72 मिमी बारिश हुई। इसके बाद शुक्रवार शाम 5:30 बजे तक का आंकड़ा 8 मिमी रहा।

आज भारी बारिश की संभावना
विभाग के मुताबिक, शनिवार को भी बारिश का दौर रहेगा। कुछ जगहों पर तेज बारिश की संभावना है। इसको लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 27 व न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इसके अगले दिन भी बारिश का दौर जारी रहेगा व कुछ जगहों पर हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। 

16 जगह गिरे पेड़
निगम को पूरी दिल्ली से 16 जगहों से पेड़ गिरने या फिर पेड़ों की शाखाएं गिरने की शिकायत प्राप्त हुई। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी, कालकाजी, जंगपुरा, मोदी मिल ओखला, पंचशील पार्क, एशियाड गांव, मंडी गांव, वसंत कुंज, सफदरजंग एन्क्लेव, सेक्टर-17 रोहिणी, मंगोलपुरी, एफ-ब्लॉक मंगोलपुरी, वेस्ट पटेल नगर, मालवीय नगर और छतरपुर से पेड़ गिरने की शिकायत दर्ज की गई।

अस्पताल की रेलिंग गिरी
 निगम के हिंदूराव अस्पताल के एक भवन की छत की रेलिंग का टुकड़ा टूटकर गिरने से एक कार और कई    दो पहिया क्षतिग्रस्त हो गई 
 

विज्ञापन

लगातार बारिश से धुला प्रदूषण

दिल्ली-एनसीआर में बारिश की वजह से 34 एक्यूआई के साथ फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। वहीं, दिल्ली गुरुग्राम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद की हवा संतोषजनक स्तर में रही। सफर का पूर्वानुमान है कि सोमवार तक वायु की गुणवत्ता में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। दिल्ली-एनसीआर के शहरों की हवा की गुणवत्ता अच्छी से संतोषजनक स्तर के बीच बनी रहेगी। केंद्रीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान का कहना है कि शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर की मिक्सिंग हाइट 1,300 मीटर रही।

अगले 24 घंटे में यह बढ़कर 1,330 मीटर तक पहुंच सकती है। रविवार को यह घटकर 1,200 मीटर पर आ जाएगी। तीन दिनों तक हवा की रफ्तार 20 से 22 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है। इस बीच बारिश होती रहेगी। इससे इस क्षेत्र की हवा में प्रदूषक नहीं टिक पा रहे हैं। सफर इंडिया के मुताबिक, बीते 24 घंटे में दिल्ली में पीएम 10 में 2.5 माइक्रोमीटर से बड़े कणों की 44 फीसदी हिस्सेदारी रही। पीएम 10 का स्तर 38 व पीएम 2.5 का स्तर 22 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रिकॉर्ड किया गया, जोकि साफ श्रेणी में रहा। ब्यूरो


निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरा, चार मजदूर घायल
न्यू उस्मानपुर के ब्रह्मपुरी इलाके में एक निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से चार मजदूर घायल हो गए। सभी मजदूर बारिश से बचने के लिए खड़े थे। सभी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस लापरवाही का मामला दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। 

घायल दो मजदूरों की पहचान प्रमोद (35) और साकिर (47) के रूप में हुई है।दो अन्य को मामूली चोट लगी है। शुक्रवार रात पुलिस को ब्रह्मपुरी के गली नंबर छह में एक मकान का छज्जा    गिरने से कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि इसके चपेट में आने से चार    मजदूर घायल हुए हैं।

फरीदाबाद में स्कूल कॉलेज, विवि में परीक्षाएं टली
फरीदाबाद में बारिश के कारण शुक्रवार को स्कूल-कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद करने पड़े। पूर्व नियोजित अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं भी टालनी पड़ी। कई निजी स्कूलों ने ऑनलाइन कक्षाएं लगाईं। सरकारी छुट्टी होने के कारण राजकीय कार्यालय बंद रहे और निजी शिक्षण संस्थानों व अन्य दफ्तर में वर्क फ्रॉम होम किया गया। आधी रात को जारी किए गए आदेश के कारण छात्र असमंजस में रहे।

कई विद्यार्थी स्कूल पहुंच गए। हालांकि प्रशासन की एडवाइजरी के कारण ज्यादातर अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा। जेसी बोस विश्वविद्यालय (विवि) में   बीटेक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा टालनी पड़ी। छात्रों और टीचिंग    स्टाफ को विभिन्न माध्यमों से परीक्षा स्थगित करने का संदेश भेजा गया। सुबह की शिफ्ट में होने वाली परीक्षा तेज बारिश और जलभराव की समस्या के कारण टाल दी गई। अब परीक्षा शनिवार को दूसरी शिफ्ट में रखने का निर्णय किया गया है। इसी तरह कई निजी स्कूलों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं टालनी पड़ी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें