ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में एक नवजीवन अस्पताल से जुड़ा बच्ची को गोद दिलाने के नाम पर अवैध वसूली के मामले में पुलिस ने अस्पताल की नर्स और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। अब तक इस प्रकरण में कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
एसीपी सेंट्रल नोएडा पवन कुमार ने बताया कि पुलिस के अनुसार 21 मार्च 2026 को चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से थाना एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना बिसरख क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में कार्यरत कर्मचारी द्वारा एक बच्ची को गोद दिलाने के नाम पर 2.60 लाख रुपये की मांग की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएचटी और थाना बिसरख पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पूरे मामले की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में मंगलवार को थाना बिसरख पुलिस ने अरुण कुमार (25) निवासी गांव बिसरख, और अस्पताल की नर्स पुष्पा रानी (26 ) निवासी गांव औरंगाबाद थाना सदर बाजार, मथुरा को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले भी इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी जुटाई जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इस तरह की अवैध गतिविधियां कब से संचालित की जा रही थीं।
आरोपियों द्वारा जरूरतमंद लोगों को निशाना बनाकर उन्हें बच्चा गोद दिलाने का झांसा दिया जाता था और इसके बदले मोटी रकम की मांग की जाती थी। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। जिससे इस तरह के अवैध धंधे में लिप्त अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग की ओर अस्पताल का लाइसेंस निरस्त किया जा चुका है।