राजधानी के दो बड़े कोविड अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 15 दिनों में ही यहां तीन गुना रोगी बढ़ गए हैं, जिनमें 40 फीसदी में गंभीर लक्षण है। इनमें बड़ी संख्या में मरीज बाहरी राज्यों के हैं।
ताहिरपुर के राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ. अजीत जैन ने बताया कि बीते 15 दिनों से अस्पताल में 114 नए मरीज भर्ती हुए। 25 अगस्त के बाद से प्रतिदिन औसतन 10 मरीज आ रहे हैं।
एक समय अस्पताल में मरीजों की संख्या महज 50 रह गई थी, जो अब 164 हो गई है। इनमें जिसकी भी हालत नाजुक होती है, उसे तुरंत आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया जाता है। 15 दिन में तीन गुना मरीज बढ़ना चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि इस समय जरूरी है कि लोग कोरोना को लेकर बिल्कुल भी लापरवाही न बरतें। बीते 5 महीनों में अस्पताल से 1500 से अधिक मरीजों को छुट्टी दे दी गई है। उधर, जीटीबी अस्पताल में भी 15 दिन में करीब 90 नए मरीज भर्ती हुए। यहां 140 मरीज थे, जो अब 230 हो गए हैं। अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि भर्ती होने वाले 40 फीसदी मरीज दिल्ली से बाहर के हैं।