400 में से कम से कम 200 अंक प्राप्त करना जरूरी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्पोर्ट्स कोटे से दाखिले के लिए ट्रायल 25 जुलाई से शुरू होंगे। डीयू ने अभी स्पोर्ट्स ट्रायल शुरू होने की तिथि की घोषणा की है। कौन से खेल के लिए कब ट्रायल होगा, इसे जल्द ही जारी किया जाएगा। इस कोटे से उन छात्रों का दाखिला होता है जो अपनी खेल उपलब्धि के आधार पर कॉलेजों में दाखिला लेना चाहते हैं।
स्पोर्ट्स कोटे से दाखिले के लिए 50 फीसदी ट्रायल स्कोर, 25 फीसदी सीयूईटी स्कोर और 25 फीसदी सर्टिफिकेट स्कोर को देखा जाएगा। इसके आधार पर एक संयुक्त स्पोर्ट्स मेरिट बनेगी। छात्रों का 400 में से कम से कम 200 अंक प्राप्त करना जरूरी है।
सीयूईटी क्वालिफाई करने वाले छात्रों को अपनी खेल उपलब्धियों के आधार पर ट्रायल में भाग लेना होगा। ट्रायल में प्रदर्शन और खेल प्रमाणपत्रों की जांच के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्पोर्ट्स कोटे के तहत प्रवेश के लिए छात्रों को न्यूनतम 50 फीसदी अंक (75 में से 38) ट्रायल में प्राप्त करने होंगे ताकि वे अंतिम मेरिट सूची में शामिल हो सकें।
ट्रायल के संबंध में विस्तृत शेड्यूल जल्द ही वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। डीयू ने किसी भी बदलाव या अपडेट के लिए नियमित रूप से डीयू की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी।