फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi News: दिवाली से पहले सड़कों पर लगा जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
आखिरी समय की खरीदारी और त्योहार पर घर जाने वालों की भीड़ से बढ़ा वाहनों का दबाव
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी

नई दिल्ली। दिवाली से एक दिन पहले शनिवार को दिल्ली में खरीदारी और घर वापसी की जल्दबाजी ने सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थाम दी। सुबह से ही बाजारों की ओर जाने वाले रास्तों पर भीड़ बढ़ने लगी। दोपहर बाद इसमें उन लोगों की भीड़ भी जुड़ गई, जो दिवाली और छठ की छुट्टियों में अपने घर जाने के लिए निकले थे। शाम तक हालात ऐसे हो गए कि कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाजारों के आसपास लोगों को जगह-जगह रुककर आगे बढ़ना पड़ा। वहीं, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों की ओर जाने वाले रास्तों पर भी लोगों को काफी समय जाम में बिताना पड़ा।

पुरानी दिल्ली के बाजारों में आखिरी समय की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सदर बाजार, चांदनी चौक और चावड़ी बाजार के आसपास सुबह से ही वाहनों का दबाव बढ़ गया। सदर बाजार में रानी झांसी रोड, कुतुब रोड और सदर थाना रोड पर वाहन फंसे रहे। चांदनी चौक में लालकिले से फतेहपुरी तक ट्रैफिक धीमा रहा। सरोजिनी नगर, लाजपत नगर और लक्ष्मी नगर में खरीदारी करने पहुंचे लोगों के कारण बाजारों के बाहर वाहनों की कतारें लग गईं। आजादपुर मंडी के आसपास भी खरीदारी और सामान की ढुलाई करने वाले वाहनों से रास्तों पर दबाव बढ़ा। दूसरी ओर, मध्य और दक्षिण दिल्ली के प्रमुख रास्तों पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही। आईटीओ, मंडी हाउस, कनॉट प्लेस, साउथ एक्सटेंशन, धौला कुआं और आश्रम चौक के आसपास जाम लगा रहा। रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, मथुरा रोड और डीएनडी फ्लाईवे पर भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
विज्ञापन


रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों के आसपास भी कतारें
त्योहार पर घर जाने वालों की भीड़ का असर रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों के आसपास भी दिखाई दिया। आनंद विहार, नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बाहर वाहनों की आवाजाही धीमी रही। आनंद विहार और कश्मीरी गेट आईएसबीटी के आसपास बसों और निजी वाहनों की कतारें लगी रहीं। सराय काले खां बस अड्डे और निजामुद्दीन स्टेशन के पास भी लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। परिवार के साथ सामान लेकर निकले यात्रियों को समय पर स्टेशन पहुंचने की चिंता सताती रही।
विज्ञापन


ऑटो चालकों ने बढ़ाया किराया
दिवाली से एक दिन पहले सड़कों पर वाहनों की भीड़ के साथ ऑटो की मांग भी बढ़ गई। इसका फायदा उठाते हुए कई ऑटो चालकों ने यात्रियों से सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा किराया मांगा। बाजारों और मेट्रो स्टेशन के बाहर ऑटो लेने पहुंचे लोगों को किराये को लेकर चालकों से मोलभाव करना पड़ा। कुछ जगह चालक मीटर से चलने के बजाय मनमाना किराया बता रहे थे। जाम के कारण कम दूरी तय करने के लिए भी यात्रियों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़े। लाल किला से एम्स जाने वाले विवेक ने बताया कि ऑटो मिलने में काफी परेशानी हुई। जो ऑटो मिले, उनके चालकों ने सामान्य दिनों से ज्यादा किराया मांगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें