दिल्ली में ट्रैफिक इंस्पेक्टर के साथ मारपीट का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो देवली मोड़ का बताया जा रहा है। जहां बुधवार को चालान काटने पर कुछ लोगों ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर के साथ मारपीट कर दी। इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया है।
राजधानी दिल्ली के देवली मोड़ पर बुधवार को चालान काटने पर कुछ लोगों ने यातायात निरीक्षक के साथ मारपीट कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दो महिलाओं समेत छह लोगों को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह अपने स्टाफ के साथ सुबह दस बजे देवली रोड पर ट्रैफिक खुलवाने गए थे। इस दौरान ट्रैफिक हवलदार ने गलत दिशा से आ रहे एक स्कूटी सवार को रोका। स्कूटी सवार ने हेलमेट नहीं लगा था। स्कूटी पर चालक के अलावा दो युवतियां बैठी थीं। इस पर हवलदार ने स्कूटी का चालान कर दिया। इस बात पर आरोपी स्कूटी चालक व साथ बैठी युवतियों की हवलदार से बहस हो गई। टीआई भी वहां पहुंच गए। उन्होंने स्कूटी हटाने को कहा तो वे लोग उनसे भी बहस करने लगे।