यातायात पुलिस ने लालकिले पर गणतंत्र दिवस की मुख्य परेड को लेकर ट्रैफिक डायवर्ट किया है। आज डेढ़ बजे तक दिल्ली जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। एसपी ट्रैफिक ने ऐसे में वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करने की अपील की है।
एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि 26 जनवरी को दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड निकलने को लेकर डायवर्जन रहेगा। ऐसे में जनपद के भारी वाहन एनएच-9 से यूपी गेट होते हुए दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इसी तरह डाबर चौराहे से महाराजपुर होते हुए दिल्ली जाने वाला रास्ता भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस ने भोपुरा बॉर्डर और लोनी बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले और मोहननगर से सीमापुरी होते हुए दिल्ली जाने वाले मार्ग पर भारी वाहन की आवाजाही को प्रतिबंधित किया है। यातायात पुलिस ने विषम परिस्थिति के लिए वाहन चालकों को हेल्पलाइन नंबर 9643322904 भी जारी किया है। एसपी ट्रैफिक का कहना है कि डायवर्जन के दौरान अलग-अलग चौराहे और दिल्ली जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। ब्यूरो
दिल्ली की परेड से कई ट्रेनों का आज रूट डायवर्ट
गणतंत्र दिवस पर लालकिले पर होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम और परेड के चलते बुधवार को ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान नई दिल्ली-गाजियाबाद मेल एक्सप्रेस और बरेली इंटरसिटी समेत कई ट्रेनों का रूट बदला जाएगा।
वहीं, कई अन्य ट्रेनों को रास्ते में रोका जाएगा। ध्वजारोहण और प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान लालकिले के पास से ट्रेनों का संचालन नहीं होगा। नार्दर्न रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार के मुताबिक नई दिल्ली-गाजियाबाद मेल एक्सप्रेस, बरेली-नई दिल्ली इंटरसिटी बुधवार को नई दिल्ली से दिल्ली जंक्शन, शाहदरा और साहिबाबाद होकर चलाया जाएगा।