राजधानी के निजी स्कूलों में सामान्य श्रेणी के बच्चों के नर्सरी, केजी व पहली कक्षा में दाखिले के लिए 15 दिसंबर से शुरु हुई आवेदन प्रक्रिया का शुक्रवार (7 जनवरी) को आखिरी दिन है। शुक्रवार तक ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करने से चूकने पर इस साल दाखिले से भी चूक जाएंगे। ऐसे में अभिभावकों को आवेदन के लिए समय केसाथ-साथ फॉर्म में किसी प्रकार की गलती नहीं करने का भी ध्यान रखना होगा। दाखिला एक्सपर्ट का कहना है कि फॉर्म भरते समय जल्दबाजी बिल्कुल ना करें।
कोरोना महामारी के कारण जहां कई स्कूलों ने ऑनलाइन आवेदन की सुविधा ही दी है, तो वहीं कुछ स्कूलों ने फॉर्म भरने केलिए ऑफलाइन व ऑनलाइन दोनों माध्यम का विकल्प उपलब्ध कराया है। चूंकि शुक्रवार को आवेदन का अंतिम दिन है और स्कूलों में फॉर्म जमा कराने का समय अलग-अलग है। लिहाजा अभिभावकों को फॉर्म जमा कराने के लिए समय का ध्यान रखना होगा। मयूर विहार स्थित विद्या बाल भवन स्कूल केप्रिंसिपल डॉ सतबीर शर्मा के मुताबिक उनकेयहां शुक्रवार को ऑफलाइन फॉर्म सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक और ऑनलाइन फॉर्म आधी रात तक जमा कराया जा सकता है। इस स्कूल में नर्सरी कक्षा में सामान्य श्रेणी की महज 30 सीटों के लिए 366 फॉर्म जमा हो चुके हैं।
एमिटी स्कूल की सभी शाखाओं में फॉर्म को डाउनलोड व प्रिंट कर सुबह 9.30 बजे से दोपहर एक बजे तक स्कूल में जमा कराया जा सकता है। वहीं ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित टैगोर इंटनेशनल स्कूल में ऑनलाइन भरा हुआ फॉर्म सुबह 9 बजे से दोपहर चार बजे तक जमा करा सकते हैं। वहीं कुछ स्कूलों में ऑफलाइन फॉर्म शाम पांच बजे तक तो कुछ स्कूलों में ऑफलाइन फॉर्म दोपहर 12 बजे तक ही फॉर्म भरने की सुविधा है।
नर्सरी एडमिशन डॉट कॉम प्रमुख सुमित वोहरा के मुताबिक यदि किसी कारण से अब तक आवेदन नहीं कर पाएं हैं तो अंतिम दिन संभल कर आवेदन कर दें। जल्दबादी में फॉर्म भरने की गलती ना करें। अभिभावक ज्यादा से ज्यादा स्कूलों में आवेदन करें। यदि किसी ने अभी तक अपने पास के किसी स्कूल में आवेदन नहीं किया तो उन्हें जरुर आवेदन करना चाहिए। साथ ही ऑनलाइन फॉर्म भरते समय उन्हें प्राप्ति रसीद संभाल कर रखनी चाहिए।