राजधानी में शनिवार को टीकाकरण अभियान की सफल शुरुआत के बाद सोमवार को भी 81 केंद्रों पर स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर 100 कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण केंद्र और वैक्सीन लगने के समय की जानकारी कर्मचारियों को फोन पर संदेश के माध्यम से भेज दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सोमवार को भी 8100 कर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। कोशिश है कि पहले दिन के मुकाबले अधिक संख्या में कर्मचारी टीके लगवाएं। इसके लिए सभी अस्पताल प्रशासन स्वास्थ्य कर्मियों को टीके के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इसके अलावा कोविन एप पर कोई समस्या न आए। इसका भी खास ख्याल रखा जा रहा है।
जिन कर्मचारियों को टीका लगना है, उन्हें वैक्सीनेशन केंद्र और टीक लगने के समय की जानकरी एसएमएस के माध्यम से भेज दी गई थी। विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, टीकाकरण के पहले दिन कुछ कर्मचारियों ने आखिरी समय में वैक्सीन लेने से मना कर दिया था। इसके चलते भी टीका लगने वालों की संख्या अनुमान के मुताबिक कम रही।
आने वाले दिनों में केंद्रों की संख्या को बढ़ाकर 175 किया जाएगा। दिल्ली में पहले चरण में टीकाकरण के लिए 2.40 लाख स्वास्थ्य कर्मचारियों ने पंजीकरण कराया है। सप्ताह में चार दिन सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को कोविड वैक्सीन लगाई जाएगी।