दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने अपने शताब्दी वर्ष में स्नातक, स्नातकोत्तर और प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई पूरी नहीं कर सके पूर्व छात्रों को डिग्री पूरी करने का अवसर दिया है। इस अवसर का लाभ उठाने के लिए एक मई से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया के तहत करीब 11 हजार आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इसमें से करीब 7,500 ने शुल्क का भुगतान कर दिया है। वहीं, 1977-80 बैच के बीकॉम के एक पूर्व छात्र ने भी पंजीकरण कराया है।
इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) शैक्षणिक सत्र 2022-23 में एमबीए और एमसीए प्रोग्राम में ऑनलाइन और ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड (ओडीएल) से पढ़ाई करवाएगा। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने एमबीए और एमसीए प्रोग्राम ऑनलाइन और ओपन एंड डिस्टेंस मोड से करवाने को मंजूरी दे दी है। इसके आधार पर इग्नू ने जुलाई सत्र 2022-23 के लिए एमबीए और एमसीए प्रोग्राम में ऑनलाइन और ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड से दाखिले की घोषणा की है।
इग्नू प्रशासन के मुताबिक, जुलाई सत्र में ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड से मॉस्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बैंकिंग एंड फाइनेंस), मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन प्रोग्राम में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन विंडो ओपन कर दी गई है। इसके अलावा ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम के तहत मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन और मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन प्रोग्राम शामिल है।
इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम और ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड के तहत इन प्रोग्राम में जुलाई सत्र में दाखिला लेना चाहते हैं तो वे 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। इग्नू एडमिशन पोर्टल पर छात्रों को ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड के तहत ऑनलाइन आवेदन भरना होगा। ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग के लिए छात्रों को ignouadmission.samarth.edu.in पर लॉगइन करके रजिस्ट्रेशन करना होगा। जबकि ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम के लिए ignouiop.samarth.edu.in पर लॉगइन करने के बाद रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होगा। दाखिला और प्रोग्राम संबंधी जानकारी भी इसी पोर्टल पर मिलेगी।
जुलाई सत्र के लिए 30 तक करें दोबारा रजिस्ट्रेशन
इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी(इग्नू) में शैक्षणिक सत्र 2022-23 के तहत जुलाई सत्र में दाखिले के लिए उम्मीदवार 30 जून तक दोबारा रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। स्नातक, स्नातकोत्तर प्रोग्राम के सभी छात्रों को रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, इग्नू में स्नातक और स्नातकोत्तर प्रोग्राम में विभिन्न डिग्री प्रोग्राम में अगले सेमेस्टर में दाखिले के लिए सभी छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होता है। इसलिए विश्वविद्यालय में पहले से विभिन्न डिग्री प्रोग्राम की पढ़ाई कर रहे छात्रों से आग्रह किया जाता है कि दोबारा रजिस्ट्रेशन 30 जून तक कर लें। इसके लिए उन्हें सबसे पहले समर्थ पोर्टल पर https:/ignou.samarth.edu.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा।
इसके बाद ही छात्र दोबारा ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। पोर्टल पर जाकर न्यू रजिस्ट्रेशन बटन पर क्लिक करना होगा। यहां छात्र को अपना मोबाइल नंबर, ईमेल-आईडी लिखना होगा। इसी पर विश्वविद्यालय के जरूरी जानकारियां भेजी जाएंगी। यदि छात्र ने पहले से पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर रखा होगा तो उसे अपना नाम और पासवर्ड डालकर ओपन करना होगा।
इग्नू से मुफ्त में करें सिविल सेवा की तैयारी
आरक्षित वर्ग और महिला उम्मीदवारों को अब सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में परेशानी नहीं होगी। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के बाद अब इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) भी सिविल सेवा परीक्षा की मुफ्त में तैयारी के लिए आगे आया है।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की योजना के तहत दोनों विश्वविद्यालय सिविल सेवा की मुफ्त में तैयारी करवा रहे हैं। इग्नू ने एससी वर्ग के छात्रों को मुफ्त में तैयारी करवाने की घोषणा की है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से इग्नू यूपीएससी परीक्षा की मुफ्त कोचिंग शुरू करने जा रहा है। इसका मकसद आर्थिक रूप से कमजोर, एससी वर्ग के छात्रों को यूपीएससी कोचिंग के माध्यम से आगे बढ़ाना है।
इग्नू का डॉ. आंबेडकर सेंटर फॉर एक्सीलेंस की ओर से यूपीएससी की प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा की लिखित और इंटरव्यू की तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए उम्मीदवारों से 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
यूपीएससी की इस कोचिंग के लिए सीट राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर मिलेगी। राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा से 100 छात्रों को हर वर्ष चयनित किया जाएगा। इसमें से 33 फीसदी सीट महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी। छात्र अधिक जानकारी के लिए www.ignou.ac.in और dace.ignouonline.ac. in पर लॉगइन कर ले सकते हैं।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने 2 और 3 जुलाई को आयोजित होने वाली दाखिला प्रवेश परीक्षा की तारीख में बदलाव किया है। जामिया प्रशासन ने कुछ दिक्कतों के चलते सिविल सेवा फ्री कोचिंग, एमबीए, एमएड, बीएड, एमसीए कोर्स की प्रवेश परीक्षा में बदलाव किया है। दो और तीन जुलाई को होनी वाली परीक्षा अब 12 और 13 जुलाई को आयोजित होगी।
जामिया के परीक्षा नियंत्रक विभाग ने यह अधिसूचना जारी की है। इसके मुताबिक, दिल्ली समेत देश के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाली इन कोर्स में दाखिले की प्रवेश परीक्षा में बदलाव किया गया है। जामिया रेजीडेंशियल कोचिंग एकेडमी में यूपीएससी फ्री कोचिंग में दाखिले की प्रवेश परीक्षा अब 12 जुलाई को आयोजित होगी। इस प्रवेश परीक्षा के लिए दिल्ली, लखनऊ, पटना, श्रीनगर, बंगलूरू, मल्लापुरम, जम्मू, हैदराबाद, मुंबई और गुवाहाटी में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, एमएड की प्रवेश परीक्षा भी 12 जुलाई को आयोजित होगी। इसके लिए दिल्ली, लखनऊ, पटना, कोलकाता व तिरुवंतपुरम में केंद्र बनाए जाएंगे।