नई दिल्ली। सिविल लाइन इलाके में बृहस्पतिवार देर रात तीन युवकों ने तमंचा दिखाकर एक पंप पर फ्री में पेट्रोल डलवा लिया। पंपकर्मी के रुपये मांगने पर बाइक सवार आरोपी तमंचा दिखाकर भाग गए। कर्मचारी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
शामनाथ मार्ग स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर रामाजी प्रसाद वाहनों में तेल डालने का कार्य करता है। उसने पुलिस को बताया कि रात करीब एक बजे बाइक पर तीन युवक वहां आये। बाइक चला रहे युवक ने 700 रुपये का पेट्रोल डलवाया। उसके दो साथी बाइक से उतर कर सड़क की ओर चले गए। रामाजी ने बाइक सवार से रुपये देने को कहा तो वह सड़क पर अपने साथियों के पास पहुंच गया।
यह देखकर पंपकर्मी ने उनका पीछा करने का प्रयास किया तो पीछे बैठे युवक ने तमंचा दिखाकर उसे वापस लौट जाने का इशारा किया। पंपकर्मी ने तत्काल घटना की सूचना पीसीआर को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आस-पास आरोपियों को तलाशने करने का प्रयास किया, लेकिन उनका पता नहीं लग पाया।