-बाहरी उत्तरी जिला नारकोटिक्स सेल ने महिला तस्कर को पकड़ने के बाद बुराड़ी से आपूर्तिकर्ता दंपती दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी उत्तरी जिला नारकोटिक्स सेल ने हेरोइन की तस्करी करने वाले महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्कर के निशानदेही पर हेरोइन की खेप मुहैया करने वाले दंपती को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने चार करोड़ से अधिक कीमत की हेरोइन बरामद की है। पुलिस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया, जिले की नारकोटिक्स सेल की टीम लगातार नशीले पदार्थ की तस्करी करने वालों पर निगरानी रखती है। सेल मुखबिरों के जरिए ऐसे तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करती है, जो इलाके में हेरोइन व अन्य तरह की नशीले पदार्थ की सप्लाई करते हैं। 29 अगस्त को नारकोटिक्स सेल को महिला तस्कर के भलस्वा डेयरी इलाके में मौजूदगी का पता चला। पुलिस ने कलंदरा कॉलोनी में छापा मारकर महिला को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पुलिस ने तीन सौ ग्राम हेरोइन बरामद की। पकड़ी गई महिला की पहचान जहांगीरपुरी निवासी अफसाना के रूप में हुई। पुलिस ने भलस्वा डेयरी थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस ने अफसाना से पूछताछ की, जिसमें पुलिस को आपूर्तिकर्ता दंपती के बारे में पता चला। जिससे हेरोइन खरीदने के बाद अफसाना उसे इलाके में बेचती थी। पुलिस ने उसके निशानदेही पर बुराड़ी स्थित परिवहन प्राधिकरण के पास से स्कूटी सवार 37 साल के नरेंद्र को गिरफ्तार किया। पुलिस ने नरेंद्र के घर पर छापे मारा, जहां तलाशी के दौरान पुलिस ने 712 ग्राम हेरोइन बरामद की। जांच में पता चला कि नरेंद्र की पत्नी ज्योति धंधे से जुड़ी है। पुलिस ने ज्योति को भी गिरफ्तार कर लिया।