हैलो, मैं चीचड़ बोल रहा हूं। अपनी और परिवार की सलामती चाहता है तो 50 लाख रुपये का इंतजाम कर ले...। जी हां, कंझावला इलाके में कुछ इसी अंदाज में बदमाश ने एक कारोबारी को कॉल कर 50 लाख की रंगदारी मांगी है। रुपये न देने की सूरत में पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक कारोबारी परिवार के साथ कराला में रहता है। उसका बड़ा कारोबार है। शुक्रवार रात 11.30 बजे कारोबारी के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉलर ने खुद का नाम चीचड़ बताते हुए धमकाया और रुपयों का इंतजाम करने को कहा। आरोपी ने कहा कि यदि रुपये नहीं दिए तो वह सुनील की तरह ही उसका भी हाल करेगा।
हाल ही में कंझावला में कुछ बदमाशों ने सुनील नामक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने कहा कि जिस तरह सुनील को मारा था, उसी तरह अगला नंबर उसका होगा। रातभर परेशान रहने के बाद शनिवार को पीड़ित ने पुलिस को सूचना देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस, आरोपी के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है। धमकी के बाद से कारोबारी का परिवार बुरी तरह डरा हुआ है।